मोहनदास

विचित्र प्रोसेशन,
गंभीर क्विक मार्च …
कलाबत्तूवाली काली ज़रीदार ड्रेस पहने
चमकदार बैंड-दल-
अस्थि-रूप, यकृत-स्वरूप,उदर-आकृति
आँतों के जालों-से उलझे हुए, बाजे वे दमकते हैं भयंकर
गंभीर गीत-स्वन-तरंगें
ध्वनियों के आवर्त मँडराते पथ पर.
बैंड के लोगों के चेहरे
मिलते हैं मेरे देखे हुओं से,
लगता है उनमें कई प्रतिष्ठित पत्रकार
इसी नगर के ! !
बड़े-बड़े नाम अरे, कैसे शामिल हो गए इस बैंड-दल में ! !
उनके पीछे चल रहा
संगीन-नोकों का चमकता जंगल,
चल रही पदचाप, तालबद्ध दीर्घ पाँत
टैंक-दल, मोर्टार, आर्टिलरी, सन्नद्ध,
धीरे-धीरे बढ़ रहा जुलूस भयावना,
सैनिकों के पथराये चेहरे
चिढ़े हुए, झुलसे हुए, बिगड़े हुए गहरे !
शायद, मैंने उन्हें पहले कहीं तो भी देखा था.
शायद, उनमें मेरे कई परिचित ! !
उनके पीछे यह क्या ! !
कैवेलरी ! !
काले-काले घोड़ों पर खाकी मिलिट्री ड्रेस,
चेहरे का आधा भाग सिंदूरी गेरुआ
आधा भाग कोलतारी भैरव,
भयानक ! !
हाथों में चमचमाती सीधी खड़ी तलवार
आबदार ! !
कंधे से कमर तक कारतूसी बैल्ट है तिरछा.
कमर में, चमड़े के कवर में पिस्तौल,
रोषभरी एकाग्र दृष्टि में धार है,
कर्नल, ब्रिगेडियर, जनरल, मार्शल
कई और सेनापति सेनाध्यक्ष
चेहरे वे मेरे जाने-बूझे-से लगते,
उनके चित्र समाचार-पत्रों में छपे थे,
उनके लेख देखे थे,
यहाँ तक कि कवितायेँ पढ़ी थीं
भई वाह !
उनमें कई प्रकांड आलोचक, विचारक, जगमगाते कविगण
मंत्री भी, उद्योगपति भी और विद्वान्
यहाँ तक कि शहर का हत्यारा कुख्यात
डोमाजी उस्ताद
बनता है बलबन
हाय, हाय ! !
यहाँ ये दीखते हैं भूत-पिशाच-काय.
भीतर का राक्षसी स्वार्थ अब
साफ़ उभर आया है,
छुपे हुए उद्देश्य
यहाँ निखर आए हैं,

यह शोभा-यात्रा है किसी मृत्यु-दल की.

गजानन माधव मुक्तिबोध की कविता ‘अंधेरे में’ का अंश.

मैं सिरीफोर्ट जाते हुए संसद के बाहर से गुज़रता हूँ. आज देखा वहाँ बड़ा जमावड़ा लगा है. चैनल बाहर से लाइव ख़बरें दे रहे हैं.
हिंदुस्तान के प्रजातंत्र की सबसे बड़ी मंडी आजकल सजी है. मोलभाव जारी हैं. खरीद-फ़रोख्त चल रही है. भाव तय हो रहे हैं. रात न्यूज़ देखते हुए उबकाई सी आती है. मुझे संसद भवन को देखकर हरिशंकर परसाई का ‘अकाल उत्सव’ याद आता है,

“अब ये भूखे क्या खाएं? भाग्य विधाताओं और जीवन के थोक ठेकेदारों की नाक खा गए. वे सब भाग गए. अब क्या खाएं? आख़िर वे विधानसभा और संसद की इमारतों के पत्थर और इंटें काट-काटकर खाने लगे.”

मोहनदास को लगता है. जो जितना ऊपर बैठा है लगता है वो उतना ही बड़ा बेईमान है. क्या सब नकली हैं? डुप्लीकेट? सारी व्यवस्था ही ढह गई है. जीता जागता हाड़-मांस का इंसान किसी काम का नहीं. इस दुनिया में कागज़ की लड़ाई लड़ी जाती है. न्याय व्यवस्था की आंखों पर पट्टी बंधी है. उसके हाथ बंधे हैं. मोहनदास के पास पैसा नहीं, पहुँच नहीं. वो मोहनदास नहीं, कोई और अब मोहनदास है. कुछ समझ नहीं आ रहा है. डर सा लगता है. क्या कोई रास्ता है? मुक्तिबोध ने जब अंधेरे में लिखी तब आपातकाल सालों दूर था. लेकिन उन्होनें आनेवाले समय की डरावनी पदचाप सुन ली थी. ब्रह्मराक्षस साक्षात् उनके सामने था. यूँ ही तकरीबन चार साल पुरानी कहानी मोहनदास को आज 17 जुलाई 2008 को पहली बार देखते हुए मुझे ऐसा लगा कि आज ही वो दिन था जो तय किया गया था इस मुलाक़ात के लिए. आज जब पहली बार मुझे संसद भवन के बाहर से निकलते हुए एक अजीब सी गंध आई. सत्ता की तीखी दुर्गन्ध. गूंजते से शब्द, 20 करोड़, 25 करोड़, 30 करोड़… आज जब मुझे संसद भवन के बाहर से निकलते हुए पहली बार उबकाई सी आई.

एक ईमानदार पाठक ही नहीं एक ईमानदार दर्शक की हैसियत से भी यह तो कहना होगा कि फ़िल्म कुछ कमज़ोर थी. ईमानदार राय यह है कि कहानी से जो सहूलियतें ली गयीं दरअसल वो ही फ़िल्म को कमज़ोर बनाती हैं. शुरुआत में मीडिया दर्शन के नामपर बहुत सारे स्टीरियोटाइप किरदार गढे गए. एक बड़ी राय यह भी थी कि कलाकारों का चयन ठीक नहीं हुआ है. खासकर कबूतर जैसी अपने परिवेश में इतनी रची बसी फ़िल्म देखने के बाद दर्शकों की यह राय लाज़मी थी. फ़िर भी एक बार मोहनदास की कहानी शुरू होने के बाद फ़िल्म अपना तनाव बनाकर रखती है. साफ़ है कि कहानी की अपनी ताक़त इतनी है कि वो फ़िल्म को अपने पैरों पर खड़ा रखती है. अनिल यादव जैसे किरदार कमाल की कास्टिंग और काम का उदाहरण हैं लेकिन ऐसे उदाहरण फ़िल्म में कुछ एक ही हैं. मोहनदास के रोल के लिए ही मैं अभी हाथों-हाथ 2-3 ज़्यादा अच्छे नाम सुझा सकता हूँ. फ़िल्म कस्बे के चित्रण में जहाँ खरी उतरी है वहीँ उसका गाँव कुछ ‘बनाया-बनाया’ सा लगता है. बोली अभी-अभी सीखी सी. कस्बे के बीच से बार-बार गुज़रती कोयले की गाडियाँ याद रहती हैं, कुछ कहती हैं. फ़िल्म कहानी के मुख्य संकेत नहीं छोड़ती है. बार बार यश मालवीय और वी. के. सोनकिया  की कवितायें बात को आगे बढाती हैं. ब्रेख्त आते हैं. मुक्तिबोध आते हैं. मोहनदास के माँ-बाप पुतलीबाई और काबादास सतगुरु कबीर को याद करते हैं. कबीर जो एक ऐसी भाषा में कविता कहते थे जिसमें लिखता हुआ हर ईमानदार कवि पागल हो जाता है. हो सकता है कि मैं कहानी के प्रति कुछ पक्षपाती हो जाऊं. उदय प्रकाश को सहेजने वालों के साथ ऐसा हो जाता है. लेकिन फ़िल्म के शुरूआती आधे घंटे से मेरे वो दोस्त भी असंतुष्ट थे जिन्होनें कहानी नहीं पढ़ी है. शायद सोनाली कुलकर्णी के साथ थोड़ा कम वक्त और उससे मिली थोड़ी कम लम्बाई ज़्यादा कारगर रहे.

कहानी की बड़ी बात यह थी कि उसमें आप एक विलेन को नहीं पकड़ पाते. अँधेरा है. डर है. पूरी व्यवस्था का पतन है. कहानी के बीच-बीच कोष्ठकों में पूरी दुनिया में घट रही घटनाएँ हैं. बुश हैं, लादेन हैं, गिरते ट्विन टावर हैं. मेरा यह कहना नहीं है कि यह सब फ़िल्म में होता. मुझे बस यह लगता है कि काश कहानी की तरह फ़िल्म भी कुछ व्यक्तियों को विलेन बनाकर पेश करने की बजाए सिस्टम के ध्वंसावशेष दिखा पाती. सुशांत सिंह और उसके पिता के रोल में अखिलेन्द्र मिश्रा अपनी पुरानी फिल्मी इमेज ढो रहे हैं. यह फ़िल्म को कमज़ोर बनाता है. लेकिन इस सबके बावजूद मैं फ़िल्म से इसलिए खुश हूँ कि वो कहानी का काफ़ी कुछ बचा लेती है. अंत में,

क्या सिनेमा के लिए यह ज़रूरी है कि तमाम अंधेरों के बावजूद भी आख़िर में वह एक उम्मीद की किरण के साथ ख़त्म हो? क्या एक कला माध्यम को सकारात्मक होने के लिए आशावादी होना ज़रूरी है? क्या हर मोहनदास के अंत में एक पत्थर उछाले जाने से ही समाज बदलेगा? क्या एक बंद दरवाज़े के साथ हुआ मोहनदास का अंत ज़्यादा बड़ी शुरुआत नहीं है? फ़िल्म जिन सफ़दरों, मंजुनाथों और सत्येंद्रों को याद करती है शायद उनका नाम ही था जो तमाम दबावों के बावजूद फ़िल्म का अंत नहीं बदला गया. और ब्रेख्त को दोहराती फ़िल्म से हमें यही उम्मीद करनी चाहिए कि वह सिनेमा के भीतर क्रांति की बात करने के बजाए उन अंधेरों की बात करे जो हमारे समय को घेर रहे हैं.

मज़हर कामरान से बार-बार यह पूछा गया कि आख़िर क्यों उनका मोहनदास अपनी लड़ाई लड़ना छोड़ देता है? आख़िर क्यों फ़िल्म इतने निराशाजनक नोट पर ख़त्म हो जाती है? क्या उन्हें फ़िल्म की माँग को समझते हुए उदय प्रकाश की कहानी का अंत बदल देने का ख्याल नहीं आया? बहुत से दर्शक जो उदय की कहानी से अनजान थे वो निर्देशक से फ़िल्म के अंत में एक उम्मीद की किरण चाहते थे. एक उछाला जाता पत्थर शायद अंकुर की तरह या एक रोपा जाता पौधा शायद रंग दे बसंती की तरह. पता नहीं उदय प्रकाश इस सब में कहाँ थे? वो होते तो बहुत से दर्शक उनसे भी यही सवाल करते. और मुझे मालूम है कि उनका जवाब क्या होता… मैं यही चाहता था कि आप सब मुझे इस अंत के लिए कोसें. कहें कि यह अंत गलत है. मोहनदास को एक आखिरी पत्थर उछालना चाहिए. अब भी इस सत्ता तंत्र के पार एक सवेरा है जो उसका इंतज़ार करता है. आप सब ये कहें और मेरी कहानी शायद तब पूरी हो. एक-एक मोहनदास आप सबको इस हॉल से बाहर निकलने के बाद मिलेगा. आप उसे यही बात कहें. मेरी कहानी में तो उसने दरवाज़ा बंद कर लिया लेकिन हो सकता है कि आपकी कहानी में ऐसा ना हो. अगर हम एक भी कहानी ऐसी रच पाये जहाँ मोहनदास को उसकी पहचान वापिस मिल जाती है और वो आख़िर में दरवाज़ा बंद नहीं करता तो मेरा कहानी कहना पूरा हुआ. आप इस कहानी पर अविश्वास करें क्योंकि अगर सिनेमा में बंद हुआ दरवाज़ा असल जिंदगी में ऐसा एक भी दरवाज़ा खोल पाये तो मैं उस बंद दरवाज़े के साथ हूँ.

Share on : Tweet about this on TwitterPin on PinterestEmail this to someonePrint this pageShare on Google+Share on LinkedInShare on Facebook

रणवीर शौरी का होना या ना होना.

Finally… इतने इंतज़ार के बाद कल आख़िरकार Osian’s में रणवीर शौरी के दर्शन हो ही गये! उसके बिना Osian’s कुछ अधूरा-अधूरा सा लगता है. पिछली बार वो अपनी नई फ़िल्म मिथ्या के साथ यहाँ था. मिथ्या जो इस साल की सबसे उल्लेखनीय और जटिल फिल्मों में से एक बनकर उभरी है. मिथ्या जो मुझे उदय प्रकाश की ‘तिरिछ’ की याद दिलाती है. मिथ्या जिसे किसी एक श्रेणी में डालना मुश्किल है. रणवीर शौरी हमारे दौर के सबसे बेहतरीन कलाकारों में से एक है. इतना अपना लगता है कि उसके लिए ‘उनके’ लिखने का मन नहीं होता. मैं उसे हमारी पीढ़ी का प्रतिनिधि चरित्र मानता आया हूँ. जैसे मेले में खोया हुआ बच्चा. Lost Child. क्या कहें, अपना भूत भूल चुकी मेरी पीढ़ी का प्रतिनिधि चरित्र. कल सिरीफोर्ट की सीढियों पर बैठा वो फिर से उसी Lost Child जैसा लग रहा था. मीनाक्षी उसे देखकर बोली, “देखो मिहिर वो जो लड़का वहाँ सीढियों पर बैठा है वो तो…” और मैंने कहा, “हाँ रणवीर शौरी है.” और फ़िर हम दोनों ने एकसाथ कहा… Finally.

यहाँ मैं रणवीर का एक मिनी साक्षात्कार प्रस्तुत कर रहा हूँ. साभार Osian’s.

Q. क्या आपको ऐसा महसूस होता है कि Osian’s एक ख़ास तरह के सिनेमा को बढ़ावा देकर और फ़िल्म समारोहों से कुछ अलहदा भूमिका निभा रहा है?
रणवीर. Osian’s हमारे मुल्क़ में होने वाला सबसे जीवंत समारोह है. यहाँ दिखाई जाने वाली फिल्में और आने वाले दर्शकों का समूह मिलकर इसे एक बेहतर माहौल देते हैं.

Q. नई फ़िल्म जो आपको पसंद आई हो?
रणवीर. मुझे Orphanage पसंद आई. वैसे आजकल मुझे ज़्यादा फिल्में देखने का समय नहीं मिल पाता है.

Q. पुरानी हिन्दी फिल्मों में आपकी पसंद क्या है?
रणवीर. मैंने अपने कॉलेज के दिनों में ही गुरु दत्त, राज कपूर और अशोक कुमार को खोज लिया था.

Q. मिथ्या में आपके किरदार को दुनिया भर में वाहवाही मिली है. इस रोल के लिए आपकी तैयारी के बारे में कुछ बतायें.
रणवीर. मुझे रजत के साथ काम करने में मज़ा आता है. मेरे लिए यह एक ख़ास मौका होता है. उनके लिए काम सबसे पहले है. पैसा और वक्त उसके बाद आते हैं. मिथ्या की योजना रजत के पास पिछले दस सालों से थी. मैंने यह कहानी उस वक्त पढ़ी थी जब मैं मिक्स डबल्स की शूटिंग कर रहा था. क्योंकि यह इतने लंबे समय तक चलने वाली फ़िल्म थी इसलिए रजत इसे और ज़्यादा गहराई दे पाये. मिथ्या का किरदार एक डबल रोल नहीं था बल्कि यह तो एक ट्रिपल रोल था. एक बार किरदार की याददाश्त जाने के बाद किरदार का तीसरा हिस्सा शुरू हो जाता है. इसीलिए मुझे हर किरदार को अलग पहचान देनी ज़रूरी थी. एकबार याददाश्त जाने के बाद नया किरदार दो हिस्सों में विभाजित हो जाता है. एक है उसका दिमाग और दूसरा उसका शरीर जो दो अलग-अलग व्यक्तियों की स्मृतियाँ ढो रहे हैं.

Q. आपने My Blueberry Nights देखी. कैसी लगी?
रणवीर. मुझे यह पसंद आई. विंटेज वोंग कार वाई का जादू है. लेकिन उन्हें हॉलीवुड के अभिनेताओं के साथ काम करते देखना मज़ेदार था.

Share on : Tweet about this on TwitterPin on PinterestEmail this to someonePrint this pageShare on Google+Share on LinkedInShare on Facebook

पॉल श्रेडर: न्यू मीडिया एंड दी डेथ ऑफ़ सिनेमा.

हॉलीवुड के जानेमाने पटकथा लेखक और निर्देशक पॉल श्रेडर इन दिनों दिल्ली में हैं. पॉल को हम उनकी लिखी फिल्मों ‘Taxi driver’,  ‘Raging bull’, ‘Mishima’ और ‘The last temptation of christ’ से जानते हैं. ख़ासकर मार्टिन स्कोर्सेसी की फ़िल्म टैक्सी ड्राईवर शहर के विकृत चेहरे को करीब से देखने की एक प्रभावशाली कोशिश है. कैसे हिंसक शहर एक इंसान के दिलो-दिमाग़ में घुस जाता है यह देखना हो तो टैक्सी ड्राईवर देखिये. Osian’s में कल उन्होनें एमर्जिंग न्यू मीडिया और डेथ ऑफ़ सिनेमा पर एक रोचक व्याख्यान दिया. मैं यहाँ उस व्याख्यान का सार रूप प्रस्तुत कर रहा हूँ. यह ज्यादातर मेरी याददाश्त और समारोह में अगले दिन छपने वाली रिपोर्ट पर आधारित है. साथ ही मेरी असहमति के बिन्दु भी मैं यहाँ साथ रख रहा हूँ. आगे समय मिलने पर हम Osian’s में देखी फिल्मों पर भी बात करेंगे. यह समारोह 20 जुलाई तक चलेगा. आप अगर इस दौरान समय निकल पायें तो एकबार ज़रूर सिरीफोर्ट का रुख करें.

*******

सिनेमा हॉल में बैठकर फ़िल्म देखने की जो चाहत वेस्ट में पहले हुआ करती थी वो समय के साथ कम होती जा रही है. इसकी मुख्य वजह है नई तकनीक और उसपर सवार न्यू मीडिया. हाँ हिदुस्तान जैसे तीसरी दुनिया के देशों में यह अब भी बरकरार है. आनेवाले सालों में हम इन्टरनेट के क्षेत्र में आक्रामक तकनीकी उभार देखने वाले हैं जो इस नए उभरते मीडिया का ही एक रूप होगा. और यह उभार सिनेमा के उस रूप को जिससे हम परिचित हैं पलट कर रख देगा. दुनिया भर के फ़िल्म उद्योगों में एक तीखी ढलान देखी जा रही है और अभी की परिस्थितियों में हमारे पास इससे बचने का कोई उपाय नहीं है.

में इसे और विस्तार में समझाने की कोशिश करता हूँ. हेनरी किसिंजर ने एकबार कहा था कि तकनीक और प्रजातंत्र साथ साथ चलते हैं. तकनीक के क्षेत्र में आया कोई भी सुधार प्रजातंत्र में जनता को ताक़तवर बनाता है. यह बात सिनेमा के दर्शक पर पूरी तरह लागू होती है जो इन्टरनेट, सेलफ़ोन, आई-पोड्स के आने के साथ और समर्थ हुआ है. अब वो ना केवल नई हॉलीवुड फिल्में डाउनलोड कर देख सकता है बल्कि स्वयं फ़िल्म बनाकर उसे आराम से प्रसारित/वितरित भी कर सकता है. लेकिन इसका एक बड़ा प्रभाव सिनेमा देखने के तरीके पर पड़ा है जिससे मुझे चिंता है. ऑनलाइन नेट्वर्किंग और पब्लिक शेअरिंग से होनेवाले दर्शकों के इस बिखराव से एक बड़ा परिवर्तन आया है. अब सिनेमा पहले की तरह एक सामूहिक अनुभव नहीं रहा. सिनेमा ने अपनी वो ताक़त खो दी है जो सारे दर्शकों को एक साथ एक छत के नीचे ले आती थी. इससे सिनेमा अपना प्रभाव खो रहा है.

इससे भी बड़ी बात. सिनेमा हमेशा से एक एकतरफा संवाद प्रणाली रहा है. पेसिव मीडियम. और आज की पीढ़ी जो इंटरेक्टिव वीडियो गेम और इन्टरनेट पर बड़ी हुई है उसने इस पेसिव मीडियम पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं. और अब बड़े स्टूडियो इस सवाल से भी जूझ रहे हैं जो उनसे बार बार पूछा जायेगा, “जब मैं फ्री में फ़िल्म डाउनलोड कर देख सकता हूँ तो मैं उसके लिए पैसा क्यों चुकाऊँ?” और अभी तक उनके पास इसका कोई मुफ़ीद जवाब नहीं है. संगीत उद्योग इस तरह की समस्याओं से पहले ही जूझ चुका है. थिएटर बंद हो रहे हैं और पाईरेसी तेज़ी से बढ़ रही है. और सच कहें तो हमारे पास कोई प्लान-बी भी नहीं है. इतना तय है कि ‘फ़िल्म’ नामक यह संस्था एक नया रूप लेने जा रही है और अभी से यह कह पाना मुश्किल है कि वो नया रूप क्या होगा. वैसे पूंजीवाद हमेशा कोई रास्ता तलाश ही लेता है. लेकिन सिनेमा अभी सिर्फ़ एक सदी पुराना है और मुझे लगता है कि हमें इस मध्यम की असली परिणिति जानने के लिए इस सदी के पार झाँकना होगा.

*******

यह बात सही है कि नए रूप में सिनेमा अपना सामूहिक प्रभाव खो रहा है लेकिन नई तकनीक अपने साथ और बहुत सारे नए विचार लेकर आती है जिसे अनदेखा नहीं किया जा सकता. हो सकता है कि पेसिव माध्यम कहा जाने वाला सिनेमा अपना यह चोला उतारकर एक ज़्यादा दुतरफा बात करने वाला चोगा पहन ले. किसे पता कल इन्टरनेट सिनेमा का दुश्मन नहीं सहयात्री बनकर उभरे. मुझे लगता है कि यह प्रक्रिया शुरू भी हो गई है. मेरी पाल श्रेडर की इस राय से घोर असहमति है कि सिनेमा का भविष्य अन्धकार में है. बात बस इतनी है कि शायद हम उसके नए बदलते रूप पहचान नहीं पा रहे हैं.

बड़े स्टूडियो का टूटता साम्राज्य तो एक अच्छा लक्षण है. ख़ुद पॉल का मानना है कि आज के दौर में फ़िल्म बनाना और उसे प्रसारित करना कहीं ज़्यादा आसान है. हिन्दुस्तान में तेज़ी से बढ़ती डॉक्युमेंटरी फिल्मों की संस्कृति इसका एक छोटा सा उदहारण है. अब हमें अपनी फ़िल्म बनाने के लिए किसी और का मोहताज नहीं रहना होगा. पब्लिक शेयरिंग की संस्कृति दुनिया को और ज़्यादा प्रजातांत्रिक बनाती है. पाइरेसी  एक नकारात्मक चलन है इसपर भी अभी बहस होनी बाकी है. संगीत उद्योग में आया परिवर्तन भी नकारात्मक नहीं सकारात्मक परिवर्तन है. इससे जुड़ी ख़ास बातें आप यहाँ रविकांत के लेख में देख सकते हैं. अच्छा है कि पूंजीवादी जमावड़े को अभी कोई प्लान-बी नहीं नज़र आ रहा है. और मुझे उम्मीद है कि रिचर्ड स्टॉलमैन और पूरी दुनिया में फैले उनके साथी उस प्लान-बी के आने से पहले एक एक्शन प्लान-सी तैयार कर बैठे होंगे! मैं आनेवाले समय के सिनेमा को लेकर आशान्वित हूँ और इसकी वजहें बहुत कुछ वही हैं जो पाल श्रेडर को चिंता में डाल रही हैं. देखने का नज़रिया अलग है शायद.

Share on : Tweet about this on TwitterPin on PinterestEmail this to someonePrint this pageShare on Google+Share on LinkedInShare on Facebook

हम काले हैं तो क्या हुआ दिलवाले हैं!

सीरीफोर्ट में एशियाई और अरब फिल्मों का एक बार फ़िर जमावड़ा. दसवें ओसियन सिनेफैन फ़िल्म फेस्टिवल की शुरुआत. पहले दिन ही कुछ महत्त्वपूर्ण सबक मिले जो आपके काम आ सकते हैं.

अपनी सीट पर बैठते वक़्त सावधान रहें. और कोशिश करें कि फेस्टिवल में अगले दो-तीन दिन कोई नया कपड़ा पहनकर ना जाएँ. मेरे जैसे नया कुरता तो बिल्कुल नहीं. वजह? सीरीफोर्ट सभागार की सभी सीटों के हत्थों पर किया गया नया काला रंग अभी भी ताज़ा है. आपके हाथ रखते ही वो अपना असर दिखा देगा. शायद फ़िल्म फेस्टिवल के लिए सीरीफोर्ट के रंग रोगन का काम कुछ देर से शुरू हुआ हो. वैसे भी आजकल दिल्ली सरकार को आनेवाले राष्ट्रमंडल खेलों के अलावा और कुछ कहाँ दिखता है! इस काले रंग से बचने के उपाय कुछ ऐसे हो सकते हैं.. कागज़ का उपयोग करें. बैठने से पहले हत्थों पर ये कागज़ बिछा लें. आज इस कागज़ के रूप में बाहर बुकिंग काउंटर पर मिलने वाले डेली न्यूज़ बुलेटिन का सबसे ज़्यादा इस्तेमाल किया गया.

इसबार एक प्रतिभागी को एक ही टिकट लेने की इजाज़त है. याने अपने डेलिगेट पास को दिखाकर आप हर शो का सिर्फ़ एक ही टिकट ले सकते हैं. शायद ऐसा टिकटों की ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिहाज से किया गया हो. तो अगर आप एक साथ सभी दोस्तों के लिए फ़िल्म के टिकट लेने की योजना बनाकर सीरीफोर्ट जा रहे हैं तो  दोस्तों को कहिये कि उन्हें ख़ुद ही आना होगा. हाँ ये हो सकता है कि आप जितने टिकट चाहियें उतने ही डेलिगेट पास खरीद लें क्योंकि डेलिगेट पास बनवाने के लिए हस्ताक्षर की ज़रूरत नहीं है.

पिछली बार से उलट मोबाइल और बैग हॉल में ले जाना मान्य है. वैसे हो सकता है आने वाले दिनों में इसमें कुछ परिवर्तन आ जाए. खाने की चीज़ें हमेशा की तरह बहुत महँगी हैं. चाय भी 10रु. की मिल रही है. टिकट की दर भी 20 से बढ़ाकर 30 कर दी गई है. डेलिगेट फीस 50 है. फ़िर भी बड़े सिनेमाघरों से तो फेस्टिवल में फ़िल्म देखना कहीं सस्ता है.

11 तारीख़ को समारोह का विधिवत उदघाटन प्रस्तावित है. हाँग-काँग की फ़िल्म ‘स्पैरो’ से समारोह का आगाज़ होगा. अगले दिनों में आप यहाँ उदय प्रकाश की कहानी पर बनी फ़िल्म ‘मोहनदास’, मृणाल सेन की ‘खंडहर’, समीरा मक्मल्बफ़ की बहुचर्चित फ़िल्म ‘ब्लैकबोर्ड’, मार्टिन स्कोर्सेसी की पुरानी क्लासिक ‘टैक्सी ड्राईवर’, मणि कौल की बिज्जी की कहानी पर निर्मित ‘दुविधा’ और फेलिनी की ‘एट एंड अ हाफ’ जैसी फिल्में देख सकते हैं. यह समारोह आपको गोविन्द निहलाणी, पॉल श्रेडर, अब्बास टायरवाला, चेतन भगत और कुणाल बासु जैसे लेखकों और फिल्मकारों से मुलाकात का मौका भी दे रहा है. समारोह में इन सभी हस्तियों के साथ बातचीत के सत्र प्रस्तावित हैं. समारोह 20 जुलाई तक चलेगा.

Share on : Tweet about this on TwitterPin on PinterestEmail this to someonePrint this pageShare on Google+Share on LinkedInShare on Facebook

विम्बलडन में बजता संगीत

टेनिस का महानतम मैच देखा अभी. और उगते सूरज को सलाम किया. फ़िर उगते सूरज से सुना कि बादशाह अभी भी फेडरर ही है. हारने के बावजूद मुझे उसके वो शॉट्स हमेशा याद रहेंगे जो उसने चैम्पियनशिप पॉइंट बचाने के लिए खेले थे. कुछ अदभुत ही था… मैच में रह रहकर बारिश हो रही थी और इस बाधा के आने पर विजय अमृतराज और एलन विल्किंस कुछ देर तो बोलते थे और फ़िर एक पुराने मैच के साथ हमें छोड़ जाते थे. जॉन मैकेनरो और ब्योन बोर्ग के बीच खेला गया वो फाइनल मैच. 1980. बारिश बार-बार रूकती थी और फ़िर अचानक एक पुराना टाई-ब्रेकर बदलकर लाइव मैच बन जाता था. क्या इतिहास अपने आप को दोहराता है? लेकिन वहाँ तो ब्योन ‘आइस मैन’ बोर्ग जॉन ‘यू कैन नॉट बी सीरियस’ मैकेनरो से जीत गया था. चौथे सेट के एक लम्बे चले टाई ब्रेकर में मैकेनरो ने भी तो पांच मैच पॉइंट बचाए थे. लेकिन वो आखिरी सेट में एक पुराने धुरंधर की सर्विस ब्रेक नहीं कर पाया था. याद आया.. वहाँ उगता सूरज हार गया था. यहाँ कुछ बदला तो है. लेकिन याद रहे, बादशाह बोर्ग की तरह अभी हमेशा के लिए नहीं गया है. कहकर गया है.. मेरा इंतज़ार करना, मैं वापिस आउँगा.

Share on : Tweet about this on TwitterPin on PinterestEmail this to someonePrint this pageShare on Google+Share on LinkedInShare on Facebook

सरकार राज: आग से तो बेहतर है!


” Idea! लेकिन अभी पूरी तरह आया नहीं है.” सरकार राज में उपस्थित कैरीकैचर खलनायकों की पूरी जमात में से एक गोविन्द नामदेव (जिनकी मूँछें इतनी अजीब हैं कि आप उन्हें कम और उनकी मूंछों को ज़्यादा देखते हैं. पेंसिल से बनाई हैं क्या!) का यह संवाद ही सरकार राज की पूरी कहानी है. इस Idea पर थोड़ी और मेहनत इसे सरकार से बेहतर फ़िल्म बना सकती थी. लेकिन जैसा जय को लगता है कि फ़िल्म कुछ जल्दबाज़ी में बना दी गई है, ठीक लगता है. ऐसे में angled और close-up shots पर, कलाकारों के अलग-अलग mannerisms पर तथा पार्श्व संगीत पर तो ध्यान दिया गया लेकिन लगता है कि सिर्फ़ इन्हीं पर ध्यान दिया गया. इन सभी तकनीकों से प्रभाव का निर्माण तो होता है लेकिन सिर्फ़ प्रभाव का ही निर्माण होता है. मेरे ऊपर के वाक्यों में जैसा उकताऊ सा दोहराव है आख़िर में सरकार राज भी सरकार का ऐसा ही उकताऊ दोहराव बनकर रह जाती है जहाँ कोई पुराना किरदार पिछली फ़िल्म से आगे ठीक तरह से विकसित नहीं होता. सवा दो घंटे की मशक्कत के बाद अंत में आपके पास ढेर सारे रामूप्रभाव (‘अँधेरा कायम रहे’ और इसबार साथ में पीलापन भी! पीला पीला हो पीला पीलाएकदम शाहरुख़ और सैफ style!) और भविष्य में सरकार-3 की उम्मीद (‘चीकू को फ़ोन लगाओ’ और क्यों था यार!) के सिवा कुछ नहीं बचता.

सरकार के अमिताभ की सबसे बड़ी खा़सियत थी उसकी खामोशी. वही उसकी ताक़त थी. ‘शक्ति’. जब बिस्तर पर घायल पड़े सरकार को शंकर आकर कहता है कि मैंने भाई को मार दिया, सरकार कुछ नहीं कहते. लेकिन सरकार का वो चेहरा हमें हमेशा याद रहता है. लेकिन सरकार राज इससे उलट है. सरकार राज में दोनों की सोच है कि, ‘हम तो फ़ेल होना चाहते थे. तुमने हमें पास कैसे कर दिया? लो हम फ़िर वही परीक्षा देंगे. अब पास करके बताओ!’ दोनों बाप-बेटे मिलकर ‘विष्णु के मामले में मुझसे गलती कहाँ हुई’ और ‘बाबा मुझे कोई पछतावा नहीं है’ जैसे पिछली फ़िल्म के छूटे तंतू discuss करते हैं और एक अच्छे ड्रामा में तब्दील हो सकने की सम्भावना रखने वाले Idea को मेलोड्रामा में तब्दील कर देते हैं (ले देकर साला एक के के था उसे भी पिछली फ़िल्म में मार डाला) कोई क़सर बाकी न रहे इसलिए सरकार बार बार आंसू बहाते हैं. न जाने ये सरकार का रोना reality shows की देखादेखी है या लालकृष्ण आडवाणी की प्रेरणा से है. (लेकिन सरकार तो बाल ठाकरे से प्रेरित थी ना? लगता है फ़िर जल्दबाज़ी में घालमेल हो गया!) सरकार ना सिर्फ़ आडवाणी माफ़िक रोते हैं बल्कि आख़िर में बहु ऐश्वर्या को (और हैरान परेशान दर्शक को भी) पूरा plot समझाने की ज़िम्मेदारी भी उनपर ही है. वे सरकार में जो-जितनी बकवास नहीं कर पाये थे सारी सरकार राज में करते हैं. मुझे तो लगता है कि अपने henchmen बाला के हिस्से के सारे संवाद भी बिचारे सरकार को ही बोलने पड़े हैं!

लेकिन सरकार राज की जल्दबाज़ी का सबसे बड़ा शिकार है शंकर नागरे (अभिषेक बच्चन). फ़िल्म के लेखक, निर्देशक यह तय ही नहीं कर पाये हैं कि इस आधुनिक महाभारत में शंकर नागरे अर्जुन है या अभिमन्यु? नतीजा यह कि शंकर का किरदार अर्जुन की उग्र वीरता और चालाकी तथा अभिमन्यु की इमानदार पात्रता और भोलेपन के बीच में झूलता रहता है. उसका पूरी फ़िल्म में बार-बार ‘सब संभाल लूँगा’ का दावा अर्जुन रुपी अदम्य योग्यता है तो आख़िर में चक्रव्यूह में फँसकर मौत उसे फ़िर भोले अभिमन्यु के खाँचे में पहुँचा देती है. फ़िल्म शुरू से ही उसका चित्रण कुछ ‘नादान’ रूप में करती तो अभिमन्यु पूरा जीवन पाकर मरता और ये किरदार का झोल यूँ ना अखरता. लेकिन बाज़ार को अभिषेक अभिमन्यु के रूप में हजम नहीं होता शायद. आज बाज़ार को अर्जुन रुपी नायक अभिषेक चाहिए. character development गया भाड़ में.

ऐसे में आश्चर्य नहीं की सबसे बेहतरीन काम उस अदाकार के हिस्से आया है जिसके काँधों पर पिछली फ़िल्म का बोझा नहीं है. ऐश्वर्या राय एक बेहतर तराशे गए किरदार में जान फूंकती हैं (अनीता राजन) और अकेली बाप-बेटे की मैलोड्रामा से भरपूर जोड़ी पर भारी हैं. अनीता फ़िल्म में सिर्फ़ एक बार रोती है और वो मेरे हिसाब से इस फ़िल्म का सबसे बेहतरीन दृश्य है. उसकी ईमानदारी उसकी आँखों में दिखती है. सबसे कम संवादों के बाद भी (या शायद इसी वजह से?) उसका प्रभाव सबसे गहरा है. आमतौर पर वह हमेशा receiving end पर है. उन top angled shots में जहाँ शंकर उसे ‘शक्ति’ का और ना जाने क्या क्या समझा रहा है और फ़िर जहाँ वो अपने ससुर से अभिमन्यु की मौत के जिम्मेदार दुर्योधनों और शकुनियों के नाम जान रही है. हर संवाद में उसका ‘सुनना’ बोलने वालों के ‘वक्तव्यों’ से ज़्यादा प्रभावशाली है.

मैं एक वक्त Orkut पर ‘आई हेट ऐश्वर्या राय’ community का सदस्य रहा हूँ. आज भी दोस्तों में ऐश का प्रशंसक नहीं गिना जाता हूँ. लेकिन सरकार राज देखने के बाद मेरा मानना है कि अगर यह फ़िल्म किसी कलाकार के फिल्मी सफ़रनामे में एक नया आयाम जोड़ती है तो वह सिर्फ़ और सिर्फ़ ऐश्वर्या हैं. उनका कार्पोरेट रूप बिपाशा से ज़्यादा convincing है. अब ये बात और है कि शायद ख़ुद ऐश्वर्या राय (बच्चन) यह निष्कर्ष सुनकर सबसे ज़्यादा दुखी हों!

एक सुझाव है. अगर आप मुम्बई पर एक बेहतरीन फ़िल्म देखना ही चाहते हैं तो ‘आमिर’ देखिये. एक ऐसी फ़िल्म जिसे देखने एक एक हफ्ते बाद भी जिसका review नहीं लिख पाया हूँ. इतना कुछ है कहने को कि कहना ही मुश्किल हो जाता है. फ़िर घनानंद याद आते हैं, “अच्छर मन को छरै बहुरि अच्छर ही भावे”. कोशिश जारी है.

Share on : Tweet about this on TwitterPin on PinterestEmail this to someonePrint this pageShare on Google+Share on LinkedInShare on Facebook

सचिन नामक मिथक की खोज उर्फ़ सुनहरे गरुड़ की तलाश में

sachin


सचिन हमारी आदत में शुमार हैं. रविकांत मुझसे पूछते हैं कि क्या सचिन एक मिथक हैं? हमारे तमाम भगवान मिथकों की ही पैदाइश हैं. क्रिकेट हमारा धर्म है और सचिन हमारे भगवान. यह सराय में शाम की चाय का वक्त है. रविकांत और संजय बताते हैं कि वे चौबीस तारीख़ को फिरोजशाह कोटला में IPL का मैच देखने जा रहे हैं. रविकांत चाहते हैं कि मुम्बई आज मोहाली से हार जाए. यह दिल्ली के सेमी में पहुँचने के लिए ज़रूरी है. दिल्ली नए खिलाड़ियों की टीम है और उसे सेमी में होना ही चाहिए. आशीष को सहवाग का उजड्डपन पसंद नहीं है. संजय जानना चाहते हैं कि क्या मैदान में सेलफोन ले जाना मना है? मैं उन्हें बताता हूँ कि मैं भी जयपुर में छब्बीस तारीख़ को होनेवाला आखिरी मैच देखने की कोशिश करूंगा. यह राजस्थान और मुम्बई के बीच है. चाय के प्याले और बारिश के शोर के बीच हम सचिन को बल्लेबाज़ी करते देखते हैं. रविकांत मुझसे पूछते हैं कि क्या सचिन एक खिलाड़ी नहीं मिथक का नाम है? वे चौबीस तारीख़ को दिल्ली-मुम्बई मैच देखने जा रहे हैं और मैं छब्बीस तारीख़ को राजस्थान-मुम्बई. चाय के प्याले और बारिश के शोर के बीच मैं अपने आप से पूछता हूँ…

कहते हैं सचिन अपने बोर्ड एग्जाम्स में सिर्फ़ 6 अंकों से मैच हार गए थे. उनका तमाम क्रिकेटीय जीवन इसी अधूरे 6 रन की भरपाई है. क्रिकेट के आदि पुरूष डॉन ब्रेडमैन से उनके अवतार में यही मूल अंतर है. सचिन क्रिकेट के एकदिवसीय युग की पैदाइश हैं. डॉन के पूरे टेस्ट जीवन में छक्कों की संख्या का कुल जोड़ इकाई में है. उनका अवतार अपनी एक पारी में इससे अधिक छक्के मारता है. सचिन हमें ऊपर खड़े होकर नीचे देखने का मौका देते हैं. शिखर पर होने का अहसास. सर्वश्रेष्ठ होने का अहसास.

सचिन टेस्ट क्रिकेट के सबसे महान बल्लेबाज़ नहीं हैं. विज्डन ने सदी का महानतम क्रिकेटर चुनते हुए उन्हें बारहवें स्थान पर रखा था. एकदिवसीय के महानतम बल्लेबाज़ ने भारत को कभी विश्वकप नहीं जिताया है. वे एक असफल कप्तान रहे और उनके नाम लगातार पांच टेस्ट हार का रिकॉर्ड दर्ज है. माना जाता है कि उनकी तकनीक अचूक नहीं है और वह बांयें हाथ के स्विंग गेंदबाजों के सामने परेशानी महसूस करते हैं. उनके बैट और पैड के बीच में गैप रह जाता है और इसीलिए उनके आउट होने के तरीकों में बोल्ड और IBW का प्रतिशत सामान्य से ज़्यादा है. तो आख़िर यह सचिन का मिथक है क्या?

शाहरुख़ और सचिन वैश्वीकरण की नई राह पकड़ते भारत का प्रतिनिधि चेहरा हैं. यह 1992 विश्वकप से पहले की बात है. ‘इंडिया टुडे’, जिसकी खामियाँ और खूबियाँ उसे भारतीय मध्यवर्ग की प्रतिनिधि पत्रिका बनाती हैं, को आनेवाले विश्वकप की तैयारी में क्रिकेट पर कवर स्टोरी करनी थी. उसने इस कवर स्टोरी के लिए खेल के बजाए इस खेल के एक नए उभरते सितारे को चुना. गौर कीजिये यह उस दौर की बात है जब सचिन ने अपना पहला एकदिवसीय शतक भी नहीं बनाया था. एक ऐसी कहानी जिसमें कुछ भी नकारात्मक नहीं हो. भीतर सचिन के बचपन की लंबे घुंघराले बालों वाली मशहूर तस्वीर थी. वो बचपन में जॉन मैकैनरो का फैन था और उन्हीं की तरह हाथ में पट्टा बाँधता था. उसे दोस्तों के साथ कार में तेज़ संगीत बजाते हुए लांग ड्राइव पर जाना पसंद है. यह सचिन के मिथकीकरण की शुरुआत है. एक बड़ा और सफ़ल खिलाड़ी जिसके पास अरबों की दौलत है लेकिन जिसके लिए आज भी सबसे कीमती वो तेरह एक रूपये के सिक्के हैं जो उसने अपने गुरु रमाकांत अचरेकर से पूरा दिन बिना आउट हुए बल्लेबाज़ी करने पर इनाम में पाए थे. एक मराठी कवि का बेटा जो अचानक मायानगरी मुम्बई का, जवान होती नई पीढ़ी और उसके अनंत ऊँचाइयों में पंख पसारकर उड़ते सपनों का, नई करवट लेते देश का प्रतीक बन जाता है. और यह सिर्फ़ युवा पीढ़ी की बात नहीं है. जैसा मुकुल केसवन उनके आगमन को यादकर लिखते हैं कि बत्तीस साल की उमर में उस सोलह साल के लड़के के माध्यम से मैं वो उन्मुक्त जवानी फ़िर जीना चाहता था जो मैंने अपने जीवन में नहीं पाई.

सचिन की बल्लेबाज़ी में उन्मुक्तता रही है. उनकी महानतम एकदिवसीय पारियाँ इसी बेधड़क बल्लेबाज़ी का नमूना हैं. हिंसक तूफ़ान जो रास्ते में आनेवाली तमाम चीजों को नष्ट कर देता है. 1998 में आस्ट्रेलिया के विरुद्ध शारजाह में उनके बेहतरीन शतक के दौरान तो वास्तव में रेत का तूफ़ान आया था. लेकिन बाद में देखने वालों ने माना कि सचिन के बल्ले से निकले तूफ़ान के मुकाबले वो तूफ़ान फ़ीका था. यही वह श्रृंखला है जिसके बाद रिची बेनो ने उन्हें विश्व का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज़ कहा था. यहाँ तक आते-आते सचिन नामक मिथक स्थापित होने लगता है. लेकिन सचिन नामक यह मिथक उनकी बल्लेबाज़ी की उन्मुक्तता में नहीं है. वह उनके व्यक्तित्व की साधारणता में छिपा है. उनके समकालीन महान ब्रायन लारा अपने घर में बैट की शक्ल का स्विमिंग पूल बनवाते हैं. सचिन सफलता के बाद भी लंबे समय तक अपना पुराना साहित्य सहवास सोसायटी का घर नहीं छोड़ते. एक और समकालीन महान शेन वॉर्न की तरह उनके व्यक्तिगत जीवन में कुछ भी मसालेदार और विवादास्पद नहीं है. वे एक आदर्श नायक हैं. मर्यादा पुरुषोत्तम राम की तरह. लेकिन जब वह बल्लेबाज़ी करने मैदान पर आते हैं तो कृष्ण की तरह लीलाएं दिखाते हैं. शेन वॉर्न का कहना है कि सचिन उनके सपनों में आते हैं और उनकी गेंदों पर आगे बढ़कर छक्के लगाते हैं.

सचिन नब्बे के दशक के हिंदुस्तान की सबसे सुपरहिट फ़िल्म हैं. इसमें ड्रामा है, इमोशन है, ट्रेजेडी है, संगीत है और सबसे बढ़कर ‘फीलगुड’ है. एक बेटा है जो पिता की मौत के ठीक बाद अपने कर्मक्षेत्र में वापिस आता है और अपना कर्तव्य बख़ूबी पूरा करता है. एक दोस्त है जो सफलता की बुलंदियों पर पहुँचकर भी अपने दोस्त को नहीं भूलता और उसकी नाकामयाबी की टीस सदा अपने दिल में रखता है. एक ऐसा आदर्श नायक है जो मैच फिक्सिंग के दलदल से भी बेदाग़ बाहर निकल आता है. नब्बे का दशक भारतीय मध्यवर्ग के लिए अकल्पित सफलता का दौर तो है लेकिन अनियंत्रित विलासिता का नहीं. सचिन इसका प्रतिनिधि चेहरा बनते हैं. और हमेशा की तरह एक सफलता की गाथा को मिथक में तब्दील कर उसके पीछे हजारों बरबाद जिंदगियों की कहानी को दफ़नाया जाता है.

सचिन मेरे सामने हैं. पहली बार आंखों के सामने, साक्षात्! मैं उन्हें खेलते देखता हूँ. वे थके से लगते हैं. वे लगातार अपनी ऊर्जा बचा रहे हैं. उस आनेवाले रन के लिए जो उन्हें फ़ुर्ती से दौड़ना होगा. अबतक वे एक हज़ार से ज़्यादा दिन की अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके हैं. अगले साल उन्हें इस दुनिया में बीस साल पूरे हो जायेंगे. और फ़िर अचानक वे शेन वाटसन का कैच लपकने को एक अविश्वसनीय सी छलाँग लगाते हैं और बच्चों की तरह खुशी से उछल पड़ते हैं. मिथक फ़िर से जी उठता है.

सचिन की टीम मैच हार जाती है. जैसे ऊपर बैठकर कोई इस IPL की स्क्रिप्ट लिख रहा है. चारों पुराने सेनानायकों द्रविड़, सचिन, गाँगुली और लक्ष्मण की सेनाएँ सेमीफाइनल से बाहर हैं. इक्कीसवीं सदी ने अपने नए मिथक गढ़ने शुरू कर दिए हैं और इसका नायक मुम्बई से नहीं राँची से आता है. यह बल्लेबाज़ी ही नहीं जीवन में भी उन्मुक्तता का ज़माना है और इस दौर के नायक घर में बन रहे स्विमिंग पूल, पार्टियों में दोस्तों से झड़प और फिल्मी तारिकाओं से इश्क के चर्चों की वजह से सुर्खियाँ बटोरते हैं. राँची के इस नए नायक के लिए सर्वश्रेष्ठ होना महत्त्वपूर्ण नहीं है, जीतना महत्त्वपूर्ण है.

सितारा बुझकर ब्लैक होल में बदल जाने से पहले कुछ समय तक तेज़ रौशनी देता है. सचिन के प्रसंशकों का मानना है कि वो आँखें चौंधिया देने वाली चमक अभी आनी बाकी है. लेकिन मिथकों को पहले से जानने वाले लोगों को पता है कि देवताओं की मौत हमेशा साधारण होती है. कृष्ण भी एक बहेलिये के तीर से मारे गए थे. एक अनजान बहेलिये के शब्दभेदी बाण से मारा जाना हर भगवान् की और जलते-जलते अंत में बुझकर ब्लैक होल में बदल जाना हर सितारे की आखि़री नियति है.

Share on : Tweet about this on TwitterPin on PinterestEmail this to someonePrint this pageShare on Google+Share on LinkedInShare on Facebook

पधारो म्हारे देस!

कहाँ रंगीन मिजाज़ शेन वार्न और कहाँ पारंपरिक राजस्थान. जनता शंका में थी जी… सच्ची!


कुछ शहर के बारे में…
जयपुर के पुराने शहर में घरों का गुलाबी रंग कुछ उड़ा-उड़ा सा है लेकिन अब भी बाकी है. और इसके साथ ही जयपुर ने अपना ठेठ हिन्दुस्तानी अंदाज अब भी बचा कर रखा है. राजनीति में जयपुर भा.ज.पा. का गढ़ माना जाता है. गिरधारीलाल भार्गव यहाँ से सांसद हैं और पुरानी बस्ती में उनके बारे में मशहूर है कि शहर में अपनी पैठ उन्होंने लोगों की अर्थियों को कांधा देकर बनाई है. वो रोज़ सुबह उठकर अखबार पढ़ते हैं. देखते हैं कि श्रद्धांजलि वाले कॉलम में किसकी मौत की सूचना है और फिर पहुँच जाते हैं उनके घर. और इसी प्रतिष्ठा के दम पर वो एक चुनाव में जयपुर के राजा भवानी सिंह को भी हरा चुके हैं. कहते हैं कि यहाँ भा.ज.पा. पत्थर की मूरत को भी चुनाव में खड़ा कर दे तो वो भी जीत जाए. समय-समय पर प्रमोद महाजन, अटल बिहारी वाजपेयी जैसे नेताओं के लिए सुरक्षित सीट की तलाश में उन्हें जयपुर से लोकसभा का चुनाव लड़वाने का प्रस्ताव आता रहा है. लोकसभा चुनावों में यहाँ शहर में हर तरफ़ एक ही गीत बजता है… “शावा नी गिरधारीलाल! बल्ले नी गिरधारीलाल!”

जीत के पहले…
16 तारीख को मैं जयपुर पहुँचा. कुछ इस तरह की खबरों ने मेरा स्वागत किया :-

अरे भाई वॉर्न आया है. कोई ना कोई कांड तो करेगा ही! जनता इसी आशंका (पढ़ें उम्मीद) में थी.

सुना है शहर की नर्सों को ख़ास हिदायत दी गई है कि किसी भी अनजान नंबर से SMS आने पर तुरंत IPL के अधिकारियों को सूचित करें. और अगर SMS में गुगली या फ्लिपर जैसे शब्दों का प्रयोग हो तो सीधा ललित मोदी को रिपोर्ट करें.

कुछ लोग यह भी ख़बर लाये थे कि वॉर्न को ख़ास नोकिया 2100 दिया गया है उसके घातक SMS पर नियंत्रण के लिए और उसके फ़ोन को विशेष निगरानी में रखा गया है.

शेन वॉर्न के शहर में आगमन के साथ ही सिगरेट की बिक्री में भारी इजाफा दर्ज किया गया है.

रोहित का कहना था कि हर टीम के पास स्टार है. किसी के साथ शाहरुख़ है तो किसी के साथ प्रिटी जिंटा. इसपर भास्कर का कहना था कि हमारे पास भी तो स्टार है, रोहित राय! और इला अरुण और मिला लो तो फिर और कौन टिकता है हमारे सामने! ऐसा भी सुना गया कि ललित मोदी ने जयपुर में पहले मैच में रोहित राय के पोस्टर बेचे. उसमें रोहित राय शर्ट-लेस अपनी सिक्स पैक ऐब्स दिखा रहा था! क्या बात है, तुम्हारे पास शाहरुख़ तो हमारे पास रोहित राय! वाह क्या मुकाबला है!

पहला मैच देखने आए लोगों को जब पता चला कि समीरा रेड्डी का नाच मैच के पहले ही हो चुका तो उन्होंने अपने पैसे वापिस लौटाने की मांग की. बाकि लोगों ने चीयरलीडर्स से तसल्ली की.

जीत के बाद…
लगातार 5 जीत और IPL टेबल में सबसे ऊपर आने के बाद शेन वॉर्न अब राजस्थान का अपना छोरा है. आने वाले समय में आप कुछ ऐसी चीजों के लिए तैयार रहें…

इस महान वीर कर्म के लिए वॉर्न को तेजाजी,पाबूजी और रामदेव जी की तरह लोकदेवता का दर्जा मिल सकता है. आपकी जानकारी के लिए हम बता दें कि ये सभी लोकदेवता साधारण मनुष्य ही थे जो आमतौर पर गाय या अन्य पशुओं की रक्षा में मारे गए. वैसे ही उसके मन्दिर बन सकते हैं जहाँ परसाद में सिगरेट चढ़ा करेंगी. बोलो शेन वॉर्न महाराज की जय!

अगले RAS के पेपर में राजस्थान के सामान्य ज्ञान में एक सवाल होगा, “राजस्थान के दो वीर योद्धा जिनका एक ही नाम हैं और जिनके पराक्रम के किस्से बच्चे-बच्चे की ज़बान पर हैं.” और जवाब होगा, “शेन वॉर्न और शेन वाटसन.”

राजकुमार संतोषी अपना सर पीट रहा होगा. कह रहा होगा कि अब अपनी फ़िल्म ‘हल्ला बोल’ रिलीज़ करता तो राजस्थान रोयल्स के हल्ला बोल में वो भी चल जाती.

इला अरुण को एक संगीत कम्पनी फिर से प्राइवेट अल्बम का कांट्रेक्ट देगी. वीडियो में रखी सावंत को लिया जाएगा (और कौन!) बाद में दोनों में कौन ज्यादा पैसे लेगा इसको लेकर झगड़ा होगा और दोनों एक-दूसरे से ज्यादा बड़ी आईटम होने का दावा करेंगी. राखी हाल ही में आए ‘देखता है तू क्या’ का हवाला देंगी और इला अरुण ‘दिल्ली शहर में म्हारो घाघरो जो घूम्यो’ को सबूत के तौर पर पेश करेंगी. फिर इस मुद्दे पर राष्ट्रीय मीडिया द्वारा एक देशव्यापी SMS अभियान चलेगा. नतीजे का हमें भी इंतज़ार है.
…………………

यहाँ सबकुछ मिलेगा सिवाय क्रिकेट के. निवेदन है कि उसकी तलाश ना करें. अगर क्रिकेट देखनी है तो इंग्लैंड- न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज़ (15 मई) और ऑस्ट्रेलिया- वेस्ट इंडीज़ टेस्ट सीरीज़ (22 मई) का इंतज़ार करें. चाहें तो 11 मई को मैनचेस्टर यूनाइटेड को खिताब जीतते देखें जैसी उम्मीद है.

Share on : Tweet about this on TwitterPin on PinterestEmail this to someonePrint this pageShare on Google+Share on LinkedInShare on Facebook

कितने शहरों में कितनी बार

फिराक साहब की विनोदप्रियता और मुंहफटपन के कई किस्से अनिता और शशि को जुबानी याद थे. दोनों उनसे मिलने जाती रहती थीं. अनिता ने ही बताया कि एक बार फिराक साहब के घर में चोर घुस आया. फिराक साब और अनिता दोनों बैंक रोड पर विश्वविद्यालय के मकानों में रहते थे. ऐसा लगता था उन मकानों की बनावट चोरों की सहूलियत के लिए ही हुयी थी, वहां आएदिन चोरियाँ होतीं. फिराक साब को रात में ठीक से नींद नहीं आती थी. आहट से वे जाग गये. चोर इस जगार के लिए तैयार नहीं था. उसने अपने साफे में से चाकू निकाल कर फिराक के आगे घुमाया. फिराक बोले, “तुम चोरी करने आये हो या कत्ल करने. पहले मेरी बात सुन लो.”
चोर ने कहा, “फालतू बात नहीं, माल कहाँ रखा है?”
फिराक बोले, “पहले चक्कू तो हटाओ, तभी तो बताऊंगा.”
फ़िर उन्होंने अपने नौकर पन्ना को आवाज़ दी, “अरे भई पन्ना उठो, देखो मेहमान आये हैं, चाय वाय बनाओ.”
पन्ना नींद में बड़बडाता हुआ उठा, “ये न सोते हैं न सोने देते हैं.”
चोर अब तक काफी शर्मिंदा हो चुका था. घर में एक की जगह दो आदमियों को देखकर उसका हौसला भी पस्त हो गया. वह जाने को हुआ तो फिराक ने कहा, ” दिन निकाल जाए तब जाना, आधी रात में कहाँ हलकान होगे.” चोर को चाय पिलाई गई. फिराक जायज़ा लेने लगे कि इस काम में कितनी कमाई हो जाती है, बाल बच्चों का गुज़ारा होता है कि नहीं. पुलिस कितना हिस्सा लेती है और अब तक कै बार पकड़े गये.
चोर आया था पिछवाड़े से लेकिन फिराक साहब ने उसे सामने के दरवाजे से रवाना किया यह कहते हुए, “अब जान पहचान हो गई है भई आते जाते रहा करो.”

-ममता कालिया. “कितने शहरों में कितनी बार” अन्तिम किश्त से. तद्भव17. जनवरी 2008.

Share on : Tweet about this on TwitterPin on PinterestEmail this to someonePrint this pageShare on Google+Share on LinkedInShare on Facebook

नैतिक दुविधा से ग्रस्त खूनी खेल: रेस

एक बात है, अब्बास-मस्तान नामधारी यह सफ़ेदपोश निर्देशक जोड़ा जब भी बदले के खूनी खेल से भरी कहानियाँ बनता है तो अपनी पिच पर खेलता नज़र आता है. और यह भी सही है कि श्रीराम राघवन नामक चमत्कार के हिन्दी सिनेमा में अवतरित होने से पहले थ्रिलर के क्षेत्र में अब्बास-मस्तान ही मांग की पूर्ति करते रहे हैं.
लेकिन रेस की कहानी में एक मूलभूत झोल है जो इसे बाज़ीगर या सोल्ज़र (मैं इन्हें अब्बास-मस्तान का सबसे महत्त्वपूर्ण काम मानता हूँ) नहीं बनने देता. आप गौर करेंगे कि बाज़ीगर और सोल्ज़र दोनों ही फिल्मों में नायक प्रत्येक हत्या के साथ अपने नायकत्व को और ज़्यादा मज़बूती से स्थापित करता है. प्रतिनायक की छवि बनाते हुए भी शाहरुख़ अपनी हर हत्या के साथ और ज़्यादा क्रूर होता जाता है और सोल्ज़र में बॉबी भी एक के बाद एक हत्या के दहला देने वाले तरीके तलाशता है. जैसे एक स्टेटमेंट की तरह बार-बार अपना नायकत्व सामने रख रहे हों. और यह काम करता है. यह दोनों ही अपने ‘मर्दाना’ नायकत्व को प्रत्येक क्रूरता के साथ और ज़्यादा मज़बूती से स्थापित करते हैं. इसका क्या कारण है?
इसका कारण यह है कि इन दोनों ही नायकों के पास एक बहुत ही मज़बूत मोटिव है बदले का. एक ऐसा अतीत है इनके पास जो इनका हर गुनाह माफ़ करवा देता है. ऐसा अतीत जो नायक की छवि हत्यारा होने के वावजूद खंडित नहीं होने देता. यहाँ तक कि नायक नायिका का भी अपने लक्ष्य की प्राप्ति में इस्तेमाल करता है. लेकिन जिसके अतीत में राखी जैसी माँ अकेली खड़ी हो वहां नायिका के प्रेम की क्या बिसात. वैसे भी हिन्दुस्तानी सिनेमा में ‘माँ’ के सामने ‘प्रेमिका’ ने हमेशा दोयम दर्जे की भूमिका ही पाई है. यह नायक प्रत्येक हत्या के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है.
यहीं रेस मात खा जाती है. रेस में दोनों ही नायकों के पास हत्या का कोई आधार नहीं है. खासकर फ़िल्म के नायक के तौरपर स्थापित किए गए सैफ़ (रणवीर) के पास. ऐसे में वह अपने raw look के बावजूद भी कभी पूरी तरह क्रूर नहीं हो पाता. यह नैतिक दुविधा निर्देशक द्वय के दिमाग में भी है और इसी वजह से अंत में भी रणवीर द्वारा राजीव (अक्षय) की हत्या नहीं करवाई जाती. दरअसल रणवीर के पास राजीव को मारने का कोई कारण नहीं है सिवाय इसके कि राजीव उसे मारना चाहता है और बचने के लिए वह अपने छोटे भाई को मार दे. और यह तो बड़ा टटपूँजिया सा कारण है खून का! इसीलिए नैतिक दुविधा पैदा होती है जो फ़िल्म को एक संतुष्टिदायक अंत तक नहीं पहुचने देती. अंत में एक सड़क दुर्घटना में राजीव की मौत होती है जो बड़ा फुस्स अंत है!
फ़िल्म में दोनों नायकों में से किसी एक के पास हत्या के लिए एक सौलिड मोटिव का होना ज़रूरी था. अक्षय के नकारात्मक किरदार में इसकी कोशिश तो की गई लेकिन ‘सौतेला’ वाला फंडा कुछ जम नहीं पाया. यूँ भी नायक जब सैफ़ को पेश किया जा रहा है तो उसका एक नायक के रूप में स्थापित होना ज़रूरी था जो नहीं हो पाया. हालांकि फ़िल्म में इसकी गुंजाइश थी. शुरूआती पन्द्रह मिनट तक जिस तरह रनिंग कमेंट्री (वायस ओवर) के साथ किदारों का परिचय करवाया जा रहा था वह थियेटर का सबसे मूलभूत गड्ढा है. इसके बजाए एक अतीत का गढ़ना कहीं कारगर होता जहाँ भाइयों का टकराव बचपन से ही स्थापित किया जाता. एक सौलिड मोटिव रचा जाता. एक माँ भी होती तो क्या कहने! ऐसी एक अदद ‘माँ’ आनेवाली हर हत्या को नायक का बदला बना देती है. एक क्रूर लेकिन दिलचस्प बदले की कहानी और रेस में बस इतना ही फ़ासला है.
Share on : Tweet about this on TwitterPin on PinterestEmail this to someonePrint this pageShare on Google+Share on LinkedInShare on Facebook